राष्ट्रीय जैवलिन थ्रो दिवस पर उत्तराखंड के होनहारों का दिखा दम
देहरादून के शौर्य प्रताप ने फेंका 52.12 मीटर भाला, प्रिया राणा का जलवा
खेलपथ संवाद
देहरादून, (उत्तराखंड)। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में राष्ट्रीय जैवलिन थ्रो दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में होनहारों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में देहरादून के शौर्य प्रताप ने 52.12 मीटर दूरी तक भाला फेंककर अपना जलवा दिखाया।
भारत के महान खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा टोक्यो ओलम्पिक में 7 अगस्त, 2021 को जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर सभी भारतीयों का मस्तक विश्व में ऊंचा किया, इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय एथलेटिक्स संघ के निर्देशानुसार इस वर्ष भी इसी दिन 7 अगस्त 2026 को उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ द्वारा अंडर- 14,16,18 के लिए राज्य स्तरीय जैवलिन प्रतियोगिता का आयोजन महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में किया गया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों व विभागों से 23 बालिकाओं व 51 बालकों सहित 74 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव के.जे.एस. कलसी ने बताया कि प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण अंडर 14 कैटेगरी के बच्चों की प्रतियोगिता को देखने में मिला, जिसमें बच्चों ने जैवलिन थ्रो की बारीकियों को सीखा भी, देखा भी और साथ में उनके पैरेंट्स ने भी इस प्रतियोगिता का आनंद लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि - पूर्व भारतीय प्रशिक्षक गुरुफूल सिंह द्वारा किड्स जैवलिन को फेंककर किया। प्रतियोगिता की समाप्ति के पश्चात विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के कंपटीशन डायरेक्टर लोकेश कुमार के नेतृत्व में निर्णायकों की भूमिका हेमराज सिंह, विजय रावत, अंकित भारती, अवतार सिंह, उर्मिला राणा व खिलाफ सिंह मेहरा ने बखूबी निभाई। मंच का संचालन विजय रावत ने किया जिसमें उन्होंने सभी प्रतिभागियों व उनके अभिभावकों को नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव के.जे.एस. कलसी ने इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी निर्णायकों व स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों को विशेष रुप से धन्यवाद दिया। उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ की तरफ से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के विजेताओं के नाम निम्नलिखित है :-
बालिका वर्ग- अंडर 14- देहरादून की प्रिया राणा - प्रथम, देहरादून की मानवी - द्वितीय तथा देहरादून की अंबिका - तृतीय। अंडर-16- देहरादून की राशि- प्रथम, देहरादून की मानसी तोमर- द्वितीय, देहरादून की आभा नेगी- तृतीय। अंडर 18- देहरादून की किरण - प्रथम, अल्मोड़ा की खुशी पांडेय- द्वितीय, देहरादून की काजल- तृतीय।
बालक वर्ग- अंडर 14- स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रत्युष- प्रथम, स्पोर्ट्स कॉलेज के पारस- द्वितीय, हरिद्वार के वंश कुमार तृतीय। अंडर 16- स्पोर्ट्स कॉलेज के तरुण आर्य- प्रथम, स्पोर्ट्स कॉलेज के हर्ष नौटियाल- द्वितीय, उधम सिंह नगर के रूद्र- तृतीय। अंडर 18- देहरादून के शौर्य प्रताप- प्रथम, देहरादून के अभिजीत सिंह- द्वितीय, देहरादून के रुद्र प्रताप सिंह- तृतीय।
