राज्यस्तरीय पावरलिफ्टिंग में कानपुर की पुरुष टीम बनी ओवरऑल उपविजेता
महिला टीम को तीसरा स्थान, शिवानी, मनीष और उर्वशी को मिले विशेष पुरस्कार
खेलपथ संवाद
कानपुर। बरेली में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित राज्यस्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं ओपन बेंच प्रेस चैम्पियनशिप में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल उप-विजेता तथा महिला टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर अपने जनपद को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में शिवानी वर्मा को ‘स्ट्रांग वूमेन’, जूनियर वर्ग में मनीष को ‘स्ट्रांग मैन’ तथा उर्वशी चंद्रा को ‘बेस्ट लिफ्टर’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया।
बरेली में आयोजित राज्यस्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं ओपन बेंच प्रेस चैम्पियनशिप में प्रदेश भर के विभिन्न मंडलों और जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 13 स्वर्ण, सात रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक विजेताओं में आनंद कुमार, आलोक चौरसिया, राकेश शर्मा, वैभव प्रताप सिंह, तरुण वर्मा, शिवा सिंह, मनीष, विराट बाजपेई, अनमोल पांडे, सुप्रिया, उर्वशी चंद्रा, शिवानी वर्मा एवं प्राची ठाकुर शामिल हैं। प्रतियोगिता में प्रिंस कुमार गुप्ता, आयुष, गौरव, विवेक सिंह राठौड़, रामजी राजपूत, कृष्णा शर्मा एवं हिमांशु निगम ने रजत तो अश्वनी कुमार त्रिपाठी एवं आर्यन ने कांस्य पदक हासिल किए।
कानपुर के खिलाड़ियों की उपलब्धियों में व्यक्तिगत पुरस्कारों ने चार चांद लगा दिए। सब-जूनियर वर्ग में शिवानी वर्मा को ‘स्ट्रांग वूमेन’, जूनियर वर्ग में मनीष को ‘स्ट्रांग मैन’ तथा उर्वशी चंद्रा को ‘बेस्ट लिफ्टर’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया। कानपुर की इस शानदार सफलता पर उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव राहुल शुक्ला, राजेश दीक्षित, मनीष मिश्रा, अनिल कुशवाहा, कोच सौरभ कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सौरभ गौर एवं संरक्षक विवेक मिश्रा ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और एकजुट टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कानपुर के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएंगे। कानपुर की इस उपलब्धि से जिले भर में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को खेलप्रेमियों द्वारा खूब सराहा जा रहा है।
