ओडिशा ने जीता जूनियर पुरुष हॉकी नेशनल चैम्पियनशिप का खिताब

फाइनल में मध्य प्रदेश 2-1 से हारा, कप्तान रितेन्द्र प्रताप सिंह हार से मायूस

खेलपथ संवाद

कोयम्बटूर। हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैम्पियनशिप 2026-डिविजन ए का खिताब अपने नाम कर लिया। कोयम्बटूर, तमिलनाडु में खेले गए रोमांचक फाइनल में ओडिशा ने हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मध्य प्रदेश के कप्तान रितेन्द्र प्रताप सिंह खिताब न जीत पाने से काफी मायूस हैं। ग्वालियर के इस होनहार खिलाड़ी ने कहा कि फाइनल में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके।

फाइनल में ओडिशा ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम को इसका फायदा दूसरे ही मिनट में मिला, जब मंदीप केरकेट्टा ने गोल कर ओडिशा को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त के बाद मध्य प्रदेश पर दबाव बढ़ गया। मध्य प्रदेश ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए और कई मौके बनाए, लेकिन ओडिशा की रक्षापंक्ति ने मजबूती से डटकर मुकाबला किया। दोनों टीमों के बीच मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला और आक्रमण में मौके बनाने की कोशिश जारी रही।

मध्य प्रदेश को आखिरकार 37वें मिनट में सफलता मिली। सोहिल अली ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया और मुकाबले को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। बराबरी के बाद दोनों टीमों ने निर्णायक बढ़त हासिल करने के लिए जोर लगाया। अंतिम क्वार्टर में ओडिशा ने अपने खेल में और तेजी लाई और कप्तान दीपक प्रधान ने 45वें मिनट में गोल कर टीम को एक बार फिर 2-1 से आगे कर दिया।

खिताब हाथ से निकलता देख मध्य प्रदेश ने अंतिम चरण में बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। हालांकि, ओडिशा के खिलाड़ियों ने अपनी रक्षापंक्ति को मजबूती से संभाले रखा और मध्य प्रदेश को कोई और गोल नहीं करने दिया। अंतिम हूटर बजने तक ओडिशा ने 2-1 की बढ़त बरकरार रखी और 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैम्पियनशिप 2026-डिवीजन ए का खिताब अपने नाम कर लिया।

तीसरे स्थान के मुकाबले में हॉकी पंजाब ने शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए हॉकी झारखंड को 6-3 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। पंजाब के लिए गुरविंदर सिंह ने 11वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद कप्तान जरमन सिंह ने 34वें और 36वें मिनट में लगातार दो गोल किए। अजयपाल सिंह ने 41वें मिनट में गोल किया, जबकि चरनजीत सिंह ने 52वें और 53वें मिनट में दो गोल दागकर पंजाब की बढ़त मजबूत कर दी। झारखंड की ओर से पात्रस हस्सा ने शानदार हैट्रिक लगाई। उन्होंने 33वें, 40वें और 56वें मिनट में गोल किए, लेकिन पंजाब की आक्रामक क्षमता के सामने झारखंड की कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। पंजाब ने 6-3 की जीत के साथ टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।

रिलेटेड पोस्ट्स