प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों ने चलाया हर घर तिरंगा अभियान
जिला खेल कार्यालय प्रतापगढ़ से निकली तिरंगा यात्रा
खेलपथ संवाद
प्रतापगढ़। आजादी का अमृत महोत्सव एवं "हर घर तिरंगा" अभियान के अंतर्गत जिला खेल कार्यालय, प्रतापगढ़ द्वारा बुधवार को तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ उप जिला क्रीड़ाधिकारी रंजीत यादव के नेतृत्व में जिला खेल कार्यालय परिसर से किया गया।
यात्रा में विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी के हाथों में तिरंगा था और "भारत माता की जय" एवं "वंदे मातरम" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा जिला खेल कार्यालय से होते हुए प्रमुख मार्गों से गुजरी और पुनः कार्यालय पर समाप्त हुई। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। खेल के माध्यम से युवा देश का नाम रोशन करें और तिरंगे को हमेशा ऊंचा रखें।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इसे सोशल मीडिया पर हर घर तिरंगा के साथ साझा करने की अपील भी की। कार्यक्रम में पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और प्रशिक्षक आदित्य शुक्ला, एथलेटिक्स प्रशिक्षक शोभनाथ यादव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी और प्रशिक्षक सचिन शुक्ला, खेलो इंडिया हॉकी प्रशिक्षक आशुतोष सिंह, फुटबॉल प्रशिक्षक बुद्ध प्रकाश, कुश्ती प्रशिक्षक अरविंद कुमार, जिम ट्रेनर विक्रम प्रताप सिंह उर्फ बेटू, जिला क्रिकेट संघ के आयोजन सचिव दुर्गेश तिवारी उर्फ मुन्ना सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
