सपा प्रमुख के हाथों सम्मानित हुए आशीष यादव और अस्मिता डे

अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को सफलता के लिए बधाई दी

खेलपथ संवाद

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से अण्डर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले मिर्जापुर के आशीष यादव और कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला जूडो में स्वर्ण पदक विजेता अस्मिता डे ने मुलाकात की। अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को सफलता के लिए बधाई दी और सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आप लोगों ने अपनी मेहनत और लगन से देश, समाज और परिवार का नाम रोशन किया है।

अखिलेश यादव ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती है। समाजवादी पार्टी की सरकार में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया था। प्रदेश के कई खिलाड़ियों को यश भारती सम्मान दिया गया था। खेल और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की नीति को हमेशा प्राथमिकता देने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से सम्मानित किया था।

मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया था। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल नीति में महत्वपूर्ण प्रोत्साहनों की घोषणा भी की थी।

अखिलेश यादव का मानना रहा है कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को केवल पदक तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें उचित सम्मान, आर्थिक प्रोत्साहन और बेहतर अवसर देकर नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए। उनके कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में भी कदम उठाए गए थे।

आज जब भारतीय खिलाड़ी ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश का गौरव बढ़ाकर एशियन गेम्स में दम ठोकने जा रहे हैं, ऐसे में यह परम्परा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। भारतीय जूडो में अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है।

रिलेटेड पोस्ट्स