हरिद्वार की बेटियों ने जीती नेहरू हॉकी प्रतियोगिता
अब हॉकी बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का करेंगी प्रतिनिधित्व
खेलपथ संवाद
हरिद्वार, (उत्तराखंड)। देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय नेहरू अंडर 17 बालिका वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता हरिद्वार की बेटियों ने जीत ली। हरिद्वार की टीम फाइनल में देहरादून को 6-0 से हराकर नेहरू हॉकी चैम्पियन बनीं। जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह ने बताया विजेता टीम उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर राष्ट्रीय स्तर पर नेहरू हॉकी कप प्रतियोगिता में भाग लेगी।
हरिद्वार की बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर हरिद्वार के खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद एवं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला इस उपलब्धि पर खेल समन्वयक हरिद्वार गजेंद्र सिंह, टीम मैनेजर एवं कोच मनमोहन डबराल, आलोक सिंह एवं विजेता टीम के सदस्यों को ढेर सारी बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। जिला खेल समन्वयक हरिद्वार गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया विजेता टीम अक्टूबर महीने में राष्ट्रीय स्तर की नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व दिल्ली में करेगी।
