रामपुर की बेटियों ने भूखे पेट, टूटी स्टिक, फटे जूतों जीता कांस्य पदक
प्रशिक्षक फरहत अली खान का छलका दर्द, अब प्रशासन और समाज से मदद की आस
कोच ने कहा- आपके सवाल का जवाब रोने के अलावा मेरे पास कुछ नहीं
खेलपथ-शब्द सहयात्री
रामपुर। हॉकी की स्टिक हाथ में हो, आंखों में बड़ा सपना हो और देश-प्रदेश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो अभाव भी रास्ता रोक नहीं सकता। रामपुर की नौ बालिकाओं ने अपनी मेहनत और जुनून से यह साबित कर दिखाया है। टूटी हॉकी स्टिक, फटे जूते और आर्थिक तंगी के बीच इन बेटियों ने मंडल स्तर पर कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
रामपुर की ये बालिकाएं पिछले दो वर्षों से हॉकी कोच फरहत अली खान के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। इनकी आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि खेल सामग्री जुटाना तो दूर, कई परिवारों के सामने दो वक्त के भोजन और इलाज तक की चुनौती है। इसके बावजूद हॉकी के प्रति इनका जुनून कम नहीं हुआ। कोच फरहत अली खान बताते हैं कि वादे बहुत हुए, लेकिन आज तक उन वादों का सहारा इन बेटियों तक नहीं पहुंच सका। संसाधनों के अभाव के बावजूद बच्चियां लगातार अभ्यास कर रही हैं और बेहतर प्रदर्शन के लिए संघर्षरत हैं।
13 वर्षीय रोशनी ने टूटी कॉलर बोन दागे पांच गोल
13 वर्षीय रोशनी की कहानी इस संघर्ष की तस्वीर सामने रखती है। वह बताती हैं कि उनकी कॉलर बोन में चोट थी, इसके बावजूद उन्होंने मंडल की ओर से खेले चार मैचों में पांच गोल किए। उनका घरेलू इलाज चल रहा है। पिता दर्जी हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं कि महंगा इलाज करा सके। रोशनी कहती हैं कि वह अपने कोच के हौसले पर हॉकी खेल रही हैं।
13 वर्षीय अंचल भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही हैं। उनका कहना है कि उनकी किडनी में स्टोन है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इलाज कराना मुश्किल है। इसके बावजूद हॉकी के प्रति उनका जुनून बरकरार है। नविता कहती हैं कि उन्होंने हॉकी को अपना जीवन बना लिया है। उनके पिता मजदूरी करते हैं। परिवार की सीमित आय के बावजूद बेटी के सपनों की लौ बुझी नहीं है। 12 वर्षीय माही का कहना है, “सोते-जागते बस हॉकी ही दिखाई देती है।” उनके पिता रिक्शा चलाते हैं, लेकिन बेटी की आंखों में हॉकी के बड़े सपने हैं।
17 वर्षीय रविश की बात व्यवस्था से सीधे सवाल करती है। वह कहती हैं कि स्टिक टूट जाए, जूते फट जाएं और पेट में रोटी न हो, फिर भी उन्होंने साबित कर दिया कि आर्थिक रूप से गरीब होने का अर्थ प्रतिभा में गरीब होना नहीं है। उनका कहना है कि वे हॉकी में बहुत कुछ कर सकती हैं, बस उन्हें अवसर और सहयोग चाहिए।
एक बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ाया मान
इन बेटियों के संघर्ष के बीच रामपुर की मशीयत फातिमा ने भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश अंडर-14 हॉकी टीम की ओर से ग्वालियर, मध्य प्रदेश में आयोजित स्कूल नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीता। वर्तमान में वह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं।
कोच फरहत अली खान का विश्वास है कि उनकी बेटियां आने वाले समय में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम में चयनित होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। उनका कहना है कि प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, कमी है तो केवल संसाधनों और प्रोत्साहन की।
सवाल सिर्फ नौ बेटियों का नहीं
रामपुर की इन बेटियों की कहानी केवल एक हॉकी टीम की उपलब्धि नहीं है। यह उस सवाल को सामने रखती है कि क्या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली खेल प्रतिभाओं को केवल इसलिए अपने सपनों से समझौता करना पड़ेगा क्योंकि उनके पास महंगी किट, जूते और बेहतर सुविधाएं नहीं हैं? प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को इन बेटियों की उपलब्धि और परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। यदि समय रहते इन्हें खेल सामग्री, चिकित्सा सुविधा, पोषण और प्रशिक्षण का सहयोग मिले तो यही बेटियां भविष्य में उत्तर प्रदेश और देश के लिए पदक जीत सकती हैं।
पत्रकार द्वारा जब कोच फरहत अली खान से पूछा गया कि इतने वर्षों के प्रयासों के बावजूद प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर अपेक्षित सहयोग क्यों नहीं मिला, तो उनका जवाब बेहद भावुक था- “बस... आपके सवाल का जवाब रोने के अलावा मेरे पास कुछ नहीं है।” शायद यही एक वाक्य रामपुर की इन नौ बेटियों की पूरी कहानी कह देता है। इन बेटियों ने कांस्य पदक जीतकर अपना काम कर दिया है। अब बारी समाज और व्यवस्था की है कि वह इनकी टूटी स्टिक को नई स्टिक, फटे जूतों को खेल जूतों और अधूरे सपनों को एक मजबूत खेल मंच में बदलने का संकल्प ले। क्योंकि प्रतिभा गरीबी नहीं देखती, लेकिन प्रतिभा को आगे बढ़ने के लिए समाज का हाथ जरूर चाहिए।
