शिवान्या ब्योहार बनीं भोपाल की अंडर-9 बैडमिंटन चैम्पियन
फाइनल में वाग्मी चौबे को सीधे सेटों में हराकर जीता खिताब
सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को दी थी मात
खेलपथ संवाद
भोपाल। द संस्कार वैली स्कूल की होनहार छात्रा और भोज क्लब की खिलाड़ी शिवान्या ब्योहार ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए श्री रामप्रकाश मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में गर्ल्स अंडर-9 वर्ग का खिताब जीत लिया। भोपाल जिला बैडमिंटन संघ (बीडीबीए) के तत्वावधान में मिनाल रेसीडेंसी स्थित आर.के. स्पोर्ट्स वर्ल्ड में आयोजित प्रतियोगिता में शिवान्या ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दमदार खेल दिखाया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
खिताबी मुकाबले में शिवान्या ने वाग्मी चौबे को सीधे सेटों में 15-8, 15-8 से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इससे पहले सेमीफाइनल में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त राव्या पालिया को 15-7, 15-13 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी। क्वार्टर फाइनल में शिवान्या ने किआना सिंह को 15-6, 15-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
शिवान्या ने अपने बेहतर कोर्ट कवरेज, सटीक शॉट्स और संयमित खेल से प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। कम उम्र में उनके इस प्रदर्शन ने उनकी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को रेखांकित किया है। शिवान्या की इस उपलब्धि से उनके परिवार, द संस्कार वैली स्कूल और भोज क्लब में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता भोपाल में बाल बैडमिंटन प्रतिभाओं के उभरने का भी उत्साहजनक संकेत है।
