बेबी ओलम्पिक में होनहार विहा ने जीते पांच पदक
तीन स्वर्ण और दो रजत पदक जीते, रानी दुर्गावती पुरस्कार से सम्मानित
खेलपथ संवाद
कानपुर। कानपुर ओलम्पिक संघ द्वारा ग्रीन पार्क में आयोजित बेबी ओलम्पिक 2026 में मिनी वंडर्स प्रीस्कूल की नन्ही खिलाड़ी विहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। विहा को इस उपलब्धि पर प्रतिष्ठित रानी दुर्गावती पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विहा ने तीरंदाजी, पावरलिफ्टिंग और वॉल क्लाइंबिंग में स्वर्ण पदक जीते, जबकि मिनी गोल्फ और जुंबा डांस में रजत पदक हासिल किए। विभिन्न खेल गतिविधियों में उनके प्रदर्शन ने विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया। विहा की सफलता पर मिनी वंडर्स प्रीस्कूल की प्रधानाचार्या निष्ठा आनंद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में खेलों के प्रति विहा का उत्साह और उपलब्धियां सराहनीय हैं। उन्होंने विहा को निरंतर अभ्यास करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और वर्ष 2036 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए अभी से बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी विहा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार का मानना है कि उचित मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास तथा परिवार और शिक्षकों के प्रोत्साहन से बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारा जा सकता है। विहा की यह उपलब्धि कम उम्र में ही खेलों के प्रति रुचि विकसित करने और बच्चों को विभिन्न खेलों से जोड़ने की महत्ता को रेखांकित करती है। उनकी सफलता से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
