टेनिस में माया ने तोड़ा सानिया मिर्जा का 22 साल पुराना रिकॉर्ड
17 साल में महिला प्रो-टेनिस चैम्पियन, सबसे युवा भारतीय बनीं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। 17 साल की भारतीय टेनिस खिलाड़ी माया राजेश्वरन रेवती ने सानिया मिर्जा का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने रविवार को पुर्तगाल के लागोस में आईटीएफ डब्ल्यू-35 टूर्नामेंट जीत लिया है। माया यह टाइटल जीतने वाली सबसे युवा भारतीय बनी हैं।
17 साल 3 महीने की माया ने विमेंस सिंगल्स के फाइनल में स्पेन की सीलिया सरविनो को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया। सानिया मिर्जा ने 2004 में 17 साल 10 महीने की उम्र में खिताब जीता था। दुनिया की 1038वें नम्बर की खिलाड़ी माया ने मुख्य ड्रॉ के पहले राउंड में टॉप सीड और वर्ल्ड नम्बर-246 जुस्तिना मिकुलस्काइट को हराया था।
पहले सेट में वह 0-5 से पिछड़ गई थीं, लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए सेट टाईब्रेकर में जीत लिया। दूसरे राउंड में माया ने अर्जेंटीना की बर्टा बोनार्डी को 6-2, 6-0 से हराया। फाइनल में पहला सेट जीतने के बाद माया ने मन ही मन गाना गुनगुनाना शुरू कर दिया। मैच के बाद उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा कि मैं बहुत ज्यादा दबाव ले रही हूं। तनाव कम करने के लिए मैंने मन में गाना गुनगुनाना शुरू कर दिया।’ उन्होंने कहा, ‘पहला खिताब हमेशा खास होता है। इस हफ्ते की कई अच्छी यादें मेरे साथ रहेंगी। इस जीत से मुझे कॉन्फिडेंस मिला है कि मैं बड़े स्तर पर मुकाबला कर सकती हूं।’
विमेंस डबल्स में भी चैम्पियन बनीं
माया ने यूक्रेन की येलिजवेता कोट्लियार के साथ डबल्स खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने अपनी जोड़ीदार के साथ फाइनल में मिन लियू और कार्लोटा मोचिया को 0-6, 6-2, 10-7 से हराया। पहला सेट 0-6 से गंवाने के बाद माया और कोट्लियार ने दूसरे सेट में वापसी की। इसके बाद निर्णायक सुपर टाईब्रेकर 10-7 से जीतकर खिताब अपने नाम किया। माया और सानिया ने 17 साल की उम्र में लागोस में खिताब ही जीते। हालांकि, सानिया ने 10 अक्टूबर 2004 को नाइजीरिया के लागोस में खिताब जीता था, जबकि माया ने 11 अक्टूबर 2026 को पुर्तगाल के लागोस में टाइटल जीता है।
