जनपदीय शैक्षिक एथलेटिक्स में नारसन ब्लॉक बना ओवरऑल चैम्पियन

बहादराबाद दूसरे और भगवानपुर तीसरे स्थान पर रहे

खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

खेलपथ संवाद

रोशनाबाद (हरिद्वार)। योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय शैक्षिक एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में नारसन ब्लॉक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। बहादराबाद ब्लॉक दूसरे और भगवानपुर ब्लॉक तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले के बहादराबाद, लक्सर, रुड़की, नारसन, खानपुर और भगवानपुर ब्लॉक के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का आयोजन मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार अमित कुमार चंद, मुख्य शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला तथा खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद विनोद कुमार के निर्देशन में किया गया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, गति, शक्ति और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में नारसन की गुनगुन, अंडर-17 बालिका वर्ग में नारसन की सलोनी तथा खानपुर की आयुषी सैनी ने व्यक्तिगत चैम्पियनशिप हासिल की। अंडर-19 बालक वर्ग में रुड़की के नितिन और बालिका वर्ग में बहादराबाद की पूजा ने व्यक्तिगत चैम्पियन बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी मुकेश भट्ट तथा एथलेटिक्स प्रशिक्षक मुकेश शर्मा ने स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह के अनुसार, अंडर-14 बालक वर्ग की लंबी कूद में भगवानपुर के राम मोहन प्रथम और नारसन के ऋतिक द्वितीय रहे। ऊंची कूद में राम मोहन ने पहला तथा भगवानपुर के राजवंश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में खानपुर के गौरव प्रथम और ऋतिक रोशन द्वितीय रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बहादराबाद की मुस्कान प्रथम और वर्णिका परमार द्वितीय रहीं। 200 मीटर में खानपुर की आरुषि सैनी ने पहला तथा लक्सर की बेस्टी ने दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में बहादराबाद की विधि प्रथम और खानपुर की आरुषि सैनी द्वितीय रहीं। 800 मीटर में रुड़की की संजना ने पहला और नारसन की आयुषी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 बालिका वर्ग में पूजा और भावना का शानदार प्रदर्शन

अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बहादराबाद की पूजा प्रथम और भावना द्वितीय रहीं। 200 मीटर में पूजा ने पहला तथा लक्सर की निक्की ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर में भावना प्रथम और निक्की द्वितीय रहीं। 800 मीटर दौड़ में बहादराबाद की मानसी ने पहला स्थान हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में भी मानसी प्रथम रहीं, जबकि रिया ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में पूजा प्रथम और खानपुर की समीक्षा द्वितीय रहीं। गोला फेंक स्पर्धा में भावना ने पहला तथा रुड़की की रितिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 बालक वर्ग में प्रीत उपाध्याय और तन्मय चमके

अंडर-19 बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में नारसन के प्रीत उपाध्याय प्रथम और रुड़की के नितिन द्वितीय रहे। 100 मीटर दौड़ में बहादराबाद के अमित ने पहला तथा भगवानपुर के मनप्रीत ने दूसरा स्थान हासिल किया। 800 मीटर में प्रीत उपाध्याय प्रथम और नितिन द्वितीय रहे। गोला फेंक में बहादराबाद के विशाल प्रथम तथा नारसन के तन्मय चौधरी द्वितीय रहे। ऊंची कूद में भगवानपुर के मनप्रीत सिंह ने पहला और बहादराबाद के चिराग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। हैमर थ्रो में नारसन के तन्मय चौधरी प्रथम तथा भगवानपुर के अभिनव द्वितीय रहे।

खेल ध्वज के अवरोहण के साथ प्रतियोगिता का समापन

समापन अवसर पर जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह तथा विभिन्न ब्लॉकों के खेल समन्वयकों—नारसन के पवन राणा, लक्सर के संत कुमार, रुड़की के मनजीत राणा, बहादराबाद के मुकेश सिंह, धनंजय मलिक और खानपुर के मांगे राम मौर्य के निर्देशन में हरिद्वार जिला खेल ध्वज का अवरोहण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में अरुण कुमार खरे, राजीव चौधरी, मनमोहन डबराल, हेमंत सैनी, स्वस्ति त्यागी, प्रशांत राठी, भीम सिंह, मनीष काकरान, रवि कुमार, प्रदीप कुमार शर्मा, आलोक सिंह, प्रीति जोशी, रीना देवी, आलोक द्विवेदी, सुनीता देवी और महक सिंह सहित अनेक लोगों ने सहयोग दिया।

समापन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, मुख्य शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला और खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश भी दिया।

रिलेटेड पोस्ट्स