क्लेमेंट टाउन की बेटियों का बास्केटबॉल में कमाल, नेशनल टूर्नामेंट का टिकट पक्का
पिथौरागढ़ को 24-15 से हराकर AWES नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट में बनाई जगह
खेलपथ संवाद
प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में आयोजित सेंट्रल कमांड बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 की श्रृंखला में 06 अक्टूबर को गर्ल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ को 24-15 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
क्लेमेंट टाउन की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। पिथौरागढ़ की टीम ने भी जीत के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन क्लेमेंट टाउन की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और खेल कौशल के दम पर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के अध्यक्ष ब्रिगेडियर नवनीत डागर, सेना मेडल, डिप्टी जीओसी, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
इस जीत के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन ने AWES नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उल्लेखनीय है कि AWES नेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन भी आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में 08 से 14 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। सेंट्रल कमांड टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब क्लेमेंट टाउन की खिलाड़ियों की निगाहें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।
