एमपी के होनहार कृष्ण चंद्र के भाले ने साधा स्वर्णिम निशाना
41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में किया कमाल
खेलपथ संवाद
चेन्नई। मध्यप्रदेश के होनहार भाला फेंक खिलाड़ी कृष्ण चंद्र ने 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के बालक अंडर-18 वर्ग में उन्होंने 74.83 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। इसी स्पर्धा में मध्यप्रदेश के सलाउद्दीन ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को दोहरी सफलता दिलाई।
कृष्ण चंद्र ने अपने पांचवें प्रयास में स्वर्णिम प्रदर्शन किया। उनका पहला प्रयास फाउल रहा, लेकिन इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 69.34 और तीसरे में 72.18 मीटर की दूरी हासिल की। चौथा प्रयास फाउल होने के बाद भी उन्होंने एकाग्रता बनाए रखी और पांचवें प्रयास में भाला 74.83 मीटर तक पहुंचा दिया। अंतिम प्रयास में उन्होंने 72.22 मीटर की दूरी दर्ज की।
कर्नाटक के पुष्पक नेलवाडे ने 73.43 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता। मध्यप्रदेश के सलाउद्दीन 69.79 मीटर की दूरी के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पांचवें प्रयास में किया। मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी से जुड़े कृष्ण चंद्र प्रशिक्षक मोहम्मद हदीश के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा निखार रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी यह सफलता प्रदेश की उभरती एथलेटिक्स प्रतिभाओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है। कृष्ण चंद्र और सलाउद्दीन के पदकों ने दिखाया है कि भाला फेंक में मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ी मजबूत दावेदारी पेश करने को तैयार हैं।
