राज्यस्तरीय एथलेटिक्स में हरिद्वार के खिलाड़ियों का जलवा

पदकों की झड़ी लगाकर ओवरऑल चैम्पियनशिप में हासिल किया तीसरा स्थान

खेलपथ संवाद

हरिद्वार। ऊधमसिंह नगर में आयोजित राज्यस्तरीय विद्यालय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में हरिद्वार जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। इस प्रदर्शन के दम पर हरिद्वार की टीम ने ओवरऑल चैम्पियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जिला खेल समन्वयक हरिद्वार गजेंद्र सिंह ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग में गौरव ने 100 मीटर दौड़ में रजत तथा 600 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। राममोहन ने लम्बी कूद में रजत और ऊंची कूद में कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग में वंश ने 800 मीटर दौड़ में रजत और लंबी कूद में कांस्य पदक जीता, जबकि सौरभ ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस वर्ग की 4×100 मीटर रिले टीम ने भी रजत पदक हासिल किया।

अंडर-19 बालक वर्ग में नितिन ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा प्रीत ने रजत पदक जीता। मनप्रीत ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस आयु वर्ग की 4×100 मीटर रिले टीम ने रजत पदक प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भी हरिद्वार की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में रिया ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा गुनगुन ने 600 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में आयुषी ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इसी वर्ग की 4×400 मीटर रिले टीम ने भी रजत पदक जीता। अंडर-19 बालिका वर्ग में नैना ने चक्का फेंक और पूजा ने लंबी कूद में रजत पदक हासिल किया, जबकि 4×400 मीटर रिले टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

हरिद्वार के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी संजीव जोशी एवं मुख्य शिक्षा माध्यमिक अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने टीम के प्रशिक्षकों एवं कोच आलोक सिंह, ओम सिंह, योगराज सिंह, मानिक चौहान, विनीत सिंह, संजीव कुमार, सुधीर कुमार, प्रीति सैनी, सोनिया सैनी, उर्मिला कांडपाल एवं स्वस्ति त्यागी के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरिद्वार के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स