उत्तर प्रदेश ने जीता यूथ नेशनल बास्केटबॉल खिताब
फाइनल में मध्य प्रदेश को 76-71 से दी शिकस्त
बालिका वर्ग में तमिलनाडु बना चैम्पियन
खेलपथ संवाद
पुणे। उत्तर प्रदेश की युवा बास्केटबॉल टीम ने शानदार खेल और जबर्दस्त संघर्ष क्षमता का परिचय देते हुए 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बालेवाड़ी में 27 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक आयोजित इस आठ दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के बालक वर्ग के फाइनल में उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 76-71 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश ने पांच साल बाद इस राष्ट्रीय खिताब पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मध्य प्रदेश की टीम तीसरे क्वार्टर तक 59-50 की बढ़त बनाकर खिताब की ओर बढ़ रही थी, लेकिन अंतिम क्वार्टर में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। उत्तर प्रदेश के दर्शिल सिंह ने सर्वाधिक 24 अंक जुटाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मध्य प्रदेश की ओर से प्रशांत सिंह ने 26 अंक बनाए, लेकिन उनका शानदार प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका। उत्तर प्रदेश ने सेमीफाइनल में भी रोमांचक मुकाबले में तमिलनाडु को 83-81 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। क्वार्टर फाइनल में टीम ने चंडीगढ़ को 94-43 से पराजित किया था।
बालिका वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु ने कर्नाटक को 80-65 अंकों से हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। तमिलनाडु की नक्षत्रा के. ने 25 अंक बनाकर जीत में अहम योगदान दिया, जबकि कर्नाटक की ओर से आंचल सीरवी ने 22 अंक जुटाए। बालिका वर्ग में केरल ने महाराष्ट्र को 74-42 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। बालक वर्ग में राजस्थान ने तमिलनाडु को 90-69 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
दर्शिल और नक्षत्रा बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के दर्शिल सिंह को बालक वर्ग का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) चुना गया। उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। बालिका वर्ग में तमिलनाडु की नक्षत्रा के. को एमवीपी का सम्मान मिला। मध्य प्रदेश के अक्षय कांची और केरल की सुभद्रा को सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज (बेस्ट शूटर) चुना गया। समापन समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव सुबिंदर सिंह गिल सहित खेल जगत के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
