मथुरा के खेतों में गढ़े जा रहे क्रिकेट के सितारे
निजी प्रयासों से गांवों तक पहुंचा क्रिकेट का जुनून
डालचंद गौतम
मथुरा। खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए अब बड़े शहरों और आलीशान स्टेडियमों का इंतजार नहीं हो रहा है। मथुरा में क्रिकेट का नया भविष्य खेतों की जमीन पर आकार ले रहा है। जिले के अलग-अलग इलाकों में कृषि भूमि लेकर क्रिकेट अकादमियां विकसित की जा रही हैं। इन अकादमियों में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा तक के युवा क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। यह पहल ब्रज क्षेत्र में क्रिकेट की नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है।
मथुरा के पालीखेड़ा, अड़ींग, महावन, टाउनशिप और आसपास के क्षेत्रों में क्रिकेट प्रशिक्षण का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अकेले मथुरा शहर और आसपास करीब एक दर्जन क्रिकेट अकादमियां संचालित होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कई अकादमियां निजी प्रयासों से विकसित की गई हैं। कुछ संचालकों ने सात बीघा जमीन में मैदान तैयार किए हैं, जबकि कई स्थानों पर दस से 25 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इन अकादमियों में एक-एक स्थान पर लगभग 100 से 150 तक खिलाड़ी क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। इनमें करीब 10 से 25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। कुछ अकादमियों में लगभग 150 बच्चे नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है, ताकि दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशिक्षण में परेशानी न हो।
सालाना लाखों का खर्च, सरकारी मदद का इंतजार
क्रिकेट अकादमी चलाना आसान काम नहीं है। मैदान की देखरेख, पिच तैयार करने, कोचिंग स्टाफ, गेंद, बल्ले, नेट और अन्य खेल सामग्री पर संचालकों को हर महीने बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। कुछ अकादमियों में एक खिलाड़ी पर प्रतिमाह करीब 40 हजार रुपये तक का खर्च बताया गया है। इसके बावजूद अकादमी संचालकों की शिकायत है कि क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए उन्हें अपेक्षित सरकारी आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है।
उनका मानना है कि यदि सरकार ऐसी अकादमियों को आर्थिक सहयोग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सकता है।
स्थानीय खिलाड़ियों की सफलता बनी प्रेरणा
मथुरा के कई खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने युवाओं में नया उत्साह पैदा किया है। अकादमियों में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की टीमों में जगह बनाने का सपना देख रहे हैं। अकादमी संचालकों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल क्रिकेट सिखाना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना भी है।
छोटे शहरों में छिपी है बड़ी खेल प्रतिभा
मथुरा में खेतों की जमीन पर तैयार हो रहे क्रिकेट मैदान इस बात का प्रमाण हैं कि प्रतिभा किसी महानगर की मोहताज नहीं होती। जरूरत है उसे सही प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर देने की। यदि सरकार, खेल विभाग और क्रिकेट से जुड़ी संस्थाएं इन निजी प्रयासों के साथ खड़ी हों तो ब्रज की धरती से भी भविष्य के बड़े क्रिकेट सितारे निकल सकते हैं। खेल व्यवस्था के लिए यह सोचने का समय है कि जब निजी लोग अपनी जमीन और संसाधन लगाकर खिलाड़ियों की पौध तैयार कर रहे हैं, तो सरकारी तंत्र इन प्रयासों को मजबूती देने के लिए आगे क्यों नहीं आता?
